Chapter
राजा दशरथ ने ऋषि वशिष्ठ से कहा - "हे महायोगिन्! चतुर्थी व्रत के माहात्म्य का श्रवण करके मुझे अत्यन्त आनन्द एवं प्रसन्नता हो रही है। जिस प्रकार अमृतपान करने से तृप्ति नहीं होती उसी प्रकार चतुर्थी व्रत की महिमा का श्रवण कर मैं तृप्त नहीं हो रहा हूँ। हे मुनिश्रेष्ठ! मनुष्यों को सुख प्रदान करने वाली माघ शुक्ल चतुर्थी के श्रेष्ठ माहात्म्य का वर्णन करने की कृपा करें।"
वशिष्ठ मुनि ने कहा - "हे राजन्! माघ मास के शुक्लपक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन भगवान गणेश ऋषि कश्यप के घर में साक्षात् अंगार युक्त रूप में अवतरित हुये थे। अब मैं इस व्रत से सम्बन्धित एक पुरातन इतिहास का वर्णन करता हूँ, जिसके श्रवण से सभी सुखों की प्राप्ति होती है।"
कथा आरम्भ करते हुये वशिष्ठ मुनि कहते हैं - "कर्णाटक राज्य की भानुपूरी नगरी में एक अत्यन्त धर्मात्मा एवं पराक्रमी राजा शासन करते थे। उनका नाम सोम था। राजा सोम सदैव देवताओं, ब्राह्मणों एवं अतिथियों का सम्मान करते थे तथा नीतिपूर्वक राज्य करते थे। वे शस्त्र विद्या में दक्ष थे तथा वीरता एवं साहस से राज्य की रक्षा करते थे। उन्होंने समस्त भूमण्डल पर विजय प्राप्त कर अपने सौराज्य की स्थापना की थी। राजा सोम की एक धर्मपत्नी भी थी, जिनका नाम यशोवती था। यशोवती परम पतिव्रता, दानशील, रूपवती तथा धर्माचरण का पालन करने वाली थी।
राजा सोम के श्रेष्ठ शासन करने पर भी एक समय दीर्घकाल तक राज्य में वर्षा नहीं हुयी। वर्षा न होने के कारण राजा अत्यन्त दुखी हुये। इस अनावृष्टि के निवारण हेतु राजा सोम शौनक मुनि के समीप वन में गये। शौनक मुनि वन में निवास कर गणेश जी की भक्ति में लीन रहते थे। महावन में ऋषि के आश्रम पर पहुँचकर राजा ने शौनक ऋषि को साष्टाङ्ग प्रणाम किया तथा करबद्ध निवेदन करते हुये ऋषिवर से कहा - 'हे मुनिश्रेष्ठ! आपका दर्शन पाकर मेरे जन्म एवं कर्म आदि सब कृत-कृत्य हो गये। आपको कोटि-कोटि नमन है।'
राजा के ऐसा कहने पर ऋषि शौनक ने कहा - 'हे राजन्! हे महाभाग! आपके इस दुर्गम वन में आगमन का क्या कारण है? आप निश्चिन्त होकर अपना मनोरथ मुझसे कहिये।'
© Xtreme Soul · First published on salemydop on . All rights belong to the writer; please do not copy without permission. Report copied work
Writer
Xtreme Soul
Writer
Xtreme Soul